- सिल्ली पुलिस की कार्रवाई, गुप्त सूचना पर होटल में मारा गया छापा
- अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी के सिल्ली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर चौक स्थित दो दुकानों में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई एक अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर की गई। पुलिस ने बलराम साहू और प्रकाश साहू के होटलों में छापा मारकर दर्जनों बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की। मामले में सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान दोनों दुकानों से अवैध शराब बरामद कर सनहा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : Muri/Majhgaon : झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की मांग तेज, मझगांव में बैठक आयोजित
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से अवैध कारोबार का खुलासा
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रामदेव कुमार यादव, मुकेश कुमार कुशवाहा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। इसके अलावा सशस्त्र बल के जवानों की भी मौजूदगी रही, जिन्होंने पूरे अभियान को सफल बनाया। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबार करने वालों में डर का माहौल है।























