- भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे, परंपरा और आस्था का अनूठा संगम
- सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण होंगे आकर्षण का केंद्र
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खांडामौदा गाँव में शनिवार से पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ तीन दिवसीय माँ शीतला पूजा का शुभारंभ हो गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। ग्रामीण बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ माँ की आराधना में जुटे हैं। पूजा के पहले दिन मुख्य पुजारी कराली किंकर त्रिपाठी ने ऐतिहासिक बेलसाघर तालाब में विधिवत कलश डुबोकर माँ शीतला का आवाहन किया। इसके बाद संकीर्तन मंडली की मधुर धुन और शंख ध्वनि के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : दुःख की घड़ी में मुखिया परिवार के साथ खड़े हुए विधायक समीर महंती
कलश यात्रा के साथ हुआ माँ का आवाहन
जब कलश यात्रा पूजा स्थल पर पहुंची तो स्थानीय महिलाओं ने पुजारी के चरणों को हल्दी पानी से धोकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में विधिपूर्वक कलश स्थापना की गई। पूजा मंडप में स्वपन मिश्रा और बिनय रथ के नेतृत्व में 33 कोटि देवी-देवताओं का आवाहन किया गया और मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना शुरू हुई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने दीप और धूप जलाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों के अनुसार, यह परंपरा लगभग 200 वर्षों से चली आ रही है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में खिचड़ी प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहेंगे। इस आयोजन को सफल बनाने में पूरे गाँव के लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।























