- आदिवासी समुदाय ने नृत्य, संगीत और रीति-रिवाजों के साथ दिखाई सांस्कृतिक एकता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत नुईया गांव में आदिवासी समुदाय के लोगों ने मागे पर्व को पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पर्व में शामिल होने के लिए जगन्नाथपुर, चाईबासा और दुरदरा समेत आसपास के कई इलाकों से लोग पहुंचे, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ गई। दूर-दराज से आए मेहमानों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस पारंपरिक पर्व की खुशियां साझा कीं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आदित्यपुर में सिटीजन फोरम का सम्मान समारोह, महापौर-उप महापौर को सौंपा विकास का ज्ञापन
ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे ग्रामीण, सुख-समृद्धि की हुई कामना
मागे पर्व के दौरान बच्चे, बुजुर्ग, युवक और महिलाएं सभी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। पूरे गांव में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। इस दौरान गांव के पुजारी ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस पर्व के माध्यम से आदिवासी समुदाय ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।























