- पोटका में ओड़िशा से बिना चालान बालू लाने का आरोप, प्रशासन से सख्ती की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के नाम मांग पत्र सौंपने के बाद हाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। इस दौरान जिला सचिव जयराम हांसदा, वरिष्ठ नेता सुबोध सरदार और प्रखंड अध्यक्ष सौरभ चटर्जी ने आरोप लगाया कि ओड़िशा से बिना चालान बड़े पैमाने पर बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है। इस अवैध कारोबार के कारण स्थानीय क्षेत्रों में बालू की किल्लत हो गई है और आम लोगों को ऊंचे दाम चुकाने पड़ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, इकलौते बेटे के जाने से परिवार उजड़ा
बालू माफियाओं पर कांग्रेस का वार, चेक पोस्ट की मांग तेज
कांग्रेस नेताओं ने रसूनचोपा के ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि अब लोग भी इस अवैध धंधे के खिलाफ जागरूक होकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि लाइलम घाटी और तिरिंग घाटी के पास चेक पोस्ट स्थापित किए जाएं, ताकि अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके। साथ ही रात के समय बड़े पैमाने पर बालू ढोने वाले माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।






















