- बस स्टैंड के पास आधी रात को चोरों का आतंक
- पुलिस की कार्रवाई जारी, जल्द खुलासे का दावा
- संदिग्धों की तलाश में पुलिस लगातार कर रही है छापेमारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा बस स्टैंड के समीप सड़क किनारे ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले दुकानदारों को बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान की चोरी कर ली, जिससे स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, रात के समय जब सभी दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे, उसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो ताले टूटे हुए मिले और सामान गायब था। चोरी में दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं शामिल हैं, जिससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : तेज आंधी-बारिश से मुख्य मार्ग बाधित, पेड़ गिरने से घंटों जाम
लगातार बढ़ रही घटनाओं से व्यापारियों में दहशत
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही एक मोबाइल दुकान से भी कई महंगे मोबाइल फोन चोरी हो गए थे, जिसकी शिकायत बड़ाजामदा थाना में दर्ज कराई गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस सफलता नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि इन घटनाओं में कुछ नाबालिग या छोटे बच्चे शामिल हो सकते हैं, जो नशे की लत के कारण इस तरह की हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।























