- सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति में सराबोर, विधि-विधान से हुआ महायज्ञ का शुभारंभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : हल्दीपोखर में 24 पहर हरिनाम संकीर्तन के अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कीर्तन मेला स्थल से कमल तालाब तक श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद सभी श्रद्धालु हल्दीपोखर स्थित राम मंदिर, शिव मंदिर एवं रंकणी मंदिर का भ्रमण करते हुए पुनः कीर्तन स्थल पहुंचे, जहां कलश स्थापना के साथ तीन दिवसीय महायज्ञ अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और “राधे-राधे” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा में बढ़ी चोरी की वारदातें, ठेला दुकानदार बने निशाना
धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में बढ़ी आस्था और उत्साह
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल एवं साहित्यकार सुनील कुमार ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा और एकता का संदेश देने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि हरिनाम के श्रवण मात्र से व्यक्ति लोभ, मोह और पाप से दूर होकर आध्यात्मिक शांति प्राप्त कर सकता है। कलयुग में हरिनाम को मुक्ति का सरल मार्ग बताया गया है, जिस पर चलकर लोग मोक्ष की प्राप्ति कर सकते हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।























