- मतदान प्रतिशत बढ़ाने और निष्पक्ष चुनाव पर प्रशासन का फोकस
- महिलाओं, युवाओं और पीवीटीजी समुदाय के लिए विशेष कार्यक्रम
- इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब और नई व्यवस्थाओं से बढ़ेगी भागीदारी
- प्रशासन ने मतदाताओं से की सक्रिय भागीदारी की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा भास्कर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में पिछले मतदान प्रतिशत के विश्लेषण के आधार पर विशेष रणनीति तैयार की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान को बढ़ावा देना और मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया स्वास्थ्य केंद्र में मातृत्व अभियान, 43 गर्भवती महिलाओं की जांच
विशेष वर्गों पर फोकस, नए मतदाताओं को जोड़ने की पहल
डीएम ने बताया कि इस अभियान में महिलाओं, नए मतदाताओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय को केंद्र में रखा गया है। 25 मार्च को “भूतूदा” नामक जिला चुनाव शुभंकर का शुभारंभ किया गया, जिसका संदेश “आमार झाड़ग्राम आमार वोट” है। जिले के सभी ब्लॉकों में हस्ताक्षर अभियान, घर-घर संपर्क और जागरूकता पर्चों का वितरण किया जा रहा है। साथ ही शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों द्वारा रूट मार्च कर लोगों में सुरक्षा का माहौल बनाया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में सामुदायिक बैठकों और नागरिक संवाद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : तीन साल बाद मिला हक, कृषक बंधु योजना से किसान परिवार को मिली 2 लाख की सहायता
स्कूल-कॉलेजों में युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष पहल
युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जोड़ने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) को सक्रिय किया गया है। इसके तहत रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, सेल्फी जोन, मतदाता शपथ और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महिलाओं को जागरूक करने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रैलियां निकाली जा रही हैं, वहीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम भी चल रहे हैं। प्रशासन द्वारा मोबाइल जमा सुविधा, ईवीएम में उम्मीदवार की फोटो, शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम जैसी नई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जा रही है। अंत में डीएम ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।























