- सीमित संसाधनों के बीच मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के पावरु गांव की रहने वाली किसान की बेटी हिमानी पाल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से शानदार उपलब्धि हासिल की है। गिरी भारती हाई स्कूल, हल्दीपोखर की छात्रा हिमानी ने 87% अंक प्राप्त कर सेकंड टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। हिमानी के पिता महेंद्र नाथ पाल एक साधारण किसान हैं और माता अलादीनी पाल गृहणी हैं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने के बावजूद हिमानी ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। बेटी की इस सफलता पर पिता की आंखों में खुशी के आंसू साफ झलक रहे थे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यह उनकी बेटी की अथक मेहनत का परिणाम है और जिस दिन वह अपने जीवन का बड़ा लक्ष्य हासिल करेगी, वह उनके लिए सबसे गर्व का क्षण होगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में बिजली संकट से जनजीवन बेहाल, भीषण गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
IAS बनने का सपना, समाज सेवा का संकल्प
हिमानी पाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनका सपना आगे चलकर IAS अधिकारी बनना है। वह समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती हैं। हिमानी ने बताया कि वह एक साधारण परिवार से आती हैं, लेकिन उनके अंदर आगे बढ़ने का जज्बा है और उनके पिता हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाते हैं। परिवार भी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी तरह समर्पित है और खेती के माध्यम से उसकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने देना चाहता। हिमानी की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों के उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की हिम्मत रखते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे छोटी पड़ जाती हैं।

























