विद्यार्थियों को सैन्य अभियान की जानकारी देकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया
रंभा कॉलेज में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : रंभा शैक्षणिक समूह के अंतर्गत संचालित रंभा कॉलेज एवं रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ गर्व और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सेना की वीरता, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करना था। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को 7 मई 2025 को हुए ऐतिहासिक सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की गतिविधियों और भारतीय सेना द्वारा किए गए जवाबी अभियान की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मतदाता पुनरीक्षण को लेकर झामुमो की रणनीतिक बैठक, विधायक समीर मोहंती ने कार्यकर्ताओं को किया सतर्क
विद्यार्थियों को सेना के पराक्रम और राष्ट्र सुरक्षा की दी गई जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “यह नया भारत है, जो हर परिस्थिति में अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।” उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने अदम्य साहस और कुशल रणनीति के साथ चिन्हित आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई कर देश की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। कार्यक्रम का संचालन रंभा कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. किशन कुमार शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान की प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर, डॉ. सुमन लता, डॉ. गंगा भोला, असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार, असिस्टेंट प्रोफेसर शीतल कुमारी, डॉ. भूपेश चंद्र, डॉ. रश्मि लुगुन एवं मंजू गागराई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में सदैव जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।























