शैक्षणिक अव्यवस्था और प्रशासनिक विवादों के बीच हुआ प्राचार्या का तबादला
नए प्राचार्य ने बेहतर शैक्षणिक माहौल का दिलाया भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा की प्राचार्या माधवी पांडेय का स्थानांतरण नई दिल्ली स्थित डीएवी मुख्यालय के आदेश पर गुमला स्थित डीएवी विद्यालय में कर दिया गया है। विद्यालय में उनका लगभग एक वर्ष का कार्यकाल लगातार विवादों और असंतोष के बीच बीता। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों में गिरावट को लेकर लगातार नाराजगी बनी रही। आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान शिक्षकों के बीच गुटबाजी बढ़ी और विद्यालय का माहौल अस्थिर होता चला गया। कई शिक्षकों ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। बताया जाता है कि विद्यालय के अंदर उत्पन्न हालात की जानकारी डीएवी मुख्यालय नई दिल्ली तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने अनाथ बेटी सुनीता किस्कू के नामकरण कार्यक्रम में की आर्थिक मदद
डीएवी गुवा में गुटबाजी और अव्यवस्था पर मुख्यालय ने लिया संज्ञान
सूत्रों के अनुसार, सेवा निवृत्त प्राचार्य एवं अधिवक्ता डॉ. आर के सिंह ने डीएवी मुख्यालय को पत्र लिखकर विद्यालय में अनुशासनात्मक कार्रवाई और प्रशासनिक जांच की मांग की थी। पत्र में संस्थागत कुशासन, पक्षपात, सत्ता के दुरुपयोग, कर्मचारियों के उत्पीड़न और शैक्षणिक गिरावट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके बाद डीएवी गुवा की स्थिति की जांच के लिए एक टीम गठित की गई। सेल बीएसएल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक सीबी कुमार को भी मामले से संबंधित नोटिस जारी किया गया था। वहीं विद्यालय के वरीय शिक्षक एवं पीजीटी गणित अनंत कुमार उपाध्याय ने भी प्राचार्या माधवी पांडेय पर मानसिक उत्पीड़न और जबरन कनिष्ठ कक्षाओं में कक्षाएं देने का आरोप लगाया था। शिकायतों की जांच के दौरान कई बिंदुओं को गंभीर माना गया, जिसके बाद मुख्यालय ने उनका स्थानांतरण गुमला कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : रंभा कॉलेज में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य को किया गया नमन
जांच रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज
इधर, बोकारो सेक्टर-2 सी स्थित डीएवी विद्यालय से स्थानांतरित होकर आए प्रवीण Kumar ने डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा के नए प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। विद्यालय परिसर में उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रवीण कुमार ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और सभी शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर सकारात्मक माहौल तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।























