- 10 ठेका मजदूरों को हटाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित तूरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में यूसिल प्रबंधन की कथित दमनकारी नीति के खिलाफ आसपास के प्रभावित और विस्थापित गांवों की ग्राम सभाओं ने मोर्चा खोल दिया है। नान्दूप और तूरामडीह ग्राम सभा के ग्रामीणों में उस समय आक्रोश फैल गया जब क्षेत्र के 10 ठेका मजदूरों को कार्य से हटा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभावित गांवों के लोगों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। मजदूरों को हटाए जाने के विरोध में ग्रामीण अब आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सीआईआई फाउंडेशन वुमन एक्ज़ेम्प्लर अवार्ड 2026 के विजेताओं की घोषणा
झामुमो नेता बाघराय मार्डी से आंदोलन को मिला समर्थन
ग्रामीणों ने झामुमो जिला मुख्य संयोजक एवं जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी से मुलाकात कर आंदोलन के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान बाघराय मार्डी ने आरोप लगाया कि यूसिल के संरक्षण में कुछ कर्मियों और कथित गुर्गों द्वारा ठेका मजदूरों से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने मांग की कि हटाए गए 10 ठेका मजदूरों को तत्काल बहाल किया जाए, अन्यथा जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही तूरामडीह में ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को गोलबंद किया जाएगा और उसके बाद आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।


























