मकदमपुर और जोजोबेड़ा इलाके में दिखा जंगली जानवर, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
रेलवे यार्ड से शुरू हुई तेंदुए की हलचल, पुलिस और वन विभाग की टीम पर उठे सवाल
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की, जमशेदपुर में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : शहर में पिछले 24 घंटों से तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पहले टाटानगर रेलवे यार्ड में तेंदुए के देखे जाने के बाद अब यह जंगली जानवर रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। बुधवार को मकदमपुर स्थित मुंशी बाड़ी इलाके में एक घर के अंदर तेंदुआ घुसने से अफरा-तफरी मच गई। इसके अलावा जोजोबेड़ा रेललाइन के पास भी तेंदुए को देखे जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि मकदमपुर निवासी भानु लाल और आभा देवी के घर में अचानक तेंदुआ घुस आया, जिससे परिवार के सदस्य भयभीत हो गए और शोर मचाया। शोर सुनकर तेंदुआ भी घबरा गया और वहां से भाग निकला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
इसे भी पढ़ें : Khunti : पीएलएफआई का हार्डकोर उग्रवादी राजेश महतो गिरफ्तार, हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
जमशेदपुर में तेंदुए की दहशत, रेलवे यार्ड से शुरू हुआ सफर
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस टीम लगातार गश्त कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। हालांकि स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम देर से पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इससे पहले तेंदुए की मौजूदगी टाटानगर रेलवे यार्ड में झाड़ियों के बीच देखी गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद वन विभाग ने ट्रैप कैमरे भी लगाए थे।
इसे भी पढ़ें : Potka : नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की हल्दीपोखर और राखामाइंस शाखा का सीबीएसई 12वीं में शानदार प्रदर्शन
वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर प्रशासन सतर्क, लगाए गए ट्रैप कैमरे
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर न निकलें और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस या वन विभाग को देने को कहा गया है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक किनारे की झाड़ियों के रास्ते रिहायशी इलाकों तक पहुंचा है। लगातार बढ़ रही दहशत को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ा दी गई है।






















