- झामुमो कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर किया प्रदर्शन, साकची से सर्किट हाउस तक जताया विरोध
- कुणाल षाड़ंगी ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, नीतियों को बताया जनविरोधी
- बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने बढ़ती महंगाई, गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साकची जुबली पार्क गोलचक्कर से साइकिल रैली निकाली, जो निर्मल महतो गेस्ट हाउस होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंची। इस दौरान झामुमो के सभी नेता और कार्यकर्ता साइकिल चलाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। कार्यक्रम के अंत में यह रैली एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिवर्तित हो गई, जहां संगठन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा के सासपुर गांव को मिला 100 केवी ट्रांसफार्मर, लो वोल्टेज समस्या से राहत
साइकिल रैली के जरिए झामुमो ने जताया विरोध, जनता के मुद्दों को उठाया

प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “अच्छे दिन” का वादा करने वाली सरकार ने देश की जनता को सड़क पर ला दिया है। उन्होंने कोविड-19, नोटबंदी और वर्तमान महंगाई संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि हर बार आम जनता को ही परेशानियों का सामना करना पड़ा है। षाड़ंगी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं, जबकि आम नागरिक महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को बचत और संयम की सलाह देने वाली सरकार स्वयं भव्य खर्च और विदेश यात्राओं में व्यस्त है, जिससे उसकी दोहरी नीति उजागर होती है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में गजराज का आतंक, ग्राम प्रधान का घर तोड़ा, वन विभाग पर भड़के ग्रामीण
साइकिल रैली के बाद सर्किट हाउस में हुई प्रेस वार्ता
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, खुद्दू उरांव, इंद्रजीत घोष, अजय रजक और मो. समद अंसारी सहित कई नेता उपस्थित थे। रैली और प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभय पांडेय, उमेश गिरी, उज्ज्वल दास, डी. राकेश राव, पिंटू लाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी और आक्रोश देखा गया। नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में भी जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा और सरकार की नीतियों का विरोध तेज किया जाएगा।



























