मानपुर पंचायत भवन में “शिक्षा, संस्कृति एवं मानवता बचाओ” विषय पर आयोजित हुआ प्रेरणादायी कार्यक्रम
बच्चों और युवाओं को शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव लाने का दिया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से शनिवार को मानपुर पंचायत भवन में “शिक्षा, संस्कृति एवं मानवता बचाओ” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “गाजुड” संस्था के संस्थापक जन्मेजय सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बच्चों और युवाओं को शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सही दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम है। आयोजन के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इसे भी पढ़ें : Potka : शिक्षा से ही समाज की उन्नति संभव – राजबल्लभ तांती
संघर्ष और धैर्य से ही जीवन में मिलती है सफलता : जन्मेजय सरदार
मुख्य अतिथि जन्मेजय सरदार ने कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है और यही इंसान को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत तलवार से भी अधिक प्रभावशाली होती है और शिक्षा के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में धैर्य और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी है। जैसे कोई वृक्ष एक दिन में फल नहीं देता, उसी प्रकार सफलता भी समय और संघर्ष के बाद मिलती है। उन्होंने कहा कि जितना कठिन संघर्ष होगा, सफलता उतनी ही शानदार होगी।























