अमर्यादित व्यवहार और कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी
जेबी लाइव रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत भूतिया पंचायत के मांगरोसोल गांव में सोमवार को पूर्व ग्राम प्रधान पंचानन हांसदा की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान ग्राम प्रधान बागराय हांसदा की कार्यशैली और नवगठित स्थायी ग्रामसभा समिति का जमकर विरोध किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान ग्राम प्रधान का व्यवहार अत्यंत अमर्यादित है, जिससे गांव का माहौल लगातार खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधान के रवैये से लोग परेशान और आक्रोशित हैं। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने एकजुट होकर उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक नया ग्राम प्रधान नहीं चुना जाता, तब तक गांव में किसी भी सरकारी योजना या विकास कार्य को संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : मिलन चौक चाकूबाजी कांड में फरार आरोपी कालू करूआ गिरफ्तार
नए ग्राम प्रधान के चयन की मांग तेज, प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से वे इस मामले को लेकर लगातार अंचल अधिकारी को आवेदन देकर नए ग्राम प्रधान के चयन की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। ग्रामीणों ने स्थायी ग्रामसभा समिति के गठन पर भी सवाल उठाते हुए इसे गांव के हितों के खिलाफ बताया। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए वर्तमान प्रधान को हटाकर निष्पक्ष तरीके से नए प्रधान का चुनाव कराने की मांग की। इस दौरान सुरेंद्र नाथ हांसदा, टिका राम मुर्मू, सीलु मुर्मू, सुंदर सोरेन, रघुनाथ हांसदा, बुद्धिनाथ हांसदा, सालाई हांसदा, सेराल सोरेन, शुरू मुर्मू, जोतष्णा सोरेन और कर्मी हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
























