पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में हुए जानलेवा चाकूबाजी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवक पर हमला कर फरार चल रहे आरोपी कालू करूआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। किरीबुरू थाना प्रभारी Rohit Kumar के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन तकनीकी जानकारी और स्थानीय सूत्रों की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तारी संभव हो सकी। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।
इसे भी पढ़ें : Potka : करुणामय मंडल की पहल से मातृहीन छात्र को मिला आवासीय विद्यालय में दाखिला
मजाकिया जवाब के बाद भड़का आरोपी, गले पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32 वर्ष), पिता टिमरा गोप, मजदूरी कर घर लौटे थे। इसके बाद वह पास की दुकान में सामान लेने पहुंचे थे। उसी दौरान करूआ बस्ती निवासी आरोपी कालू करूआ उनसे तमिल भाषा में कुछ कह रहा था। घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह आरोपी की बात समझ नहीं पाया और मजाकिया अंदाज में जवाब दे दिया। इसी बात से आरोपी अचानक भड़क गया और चाकू निकालकर सीधे उसके गले पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला काफी आक्रामक था और वार लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गले से तेजी से खून बहने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ दुर्व्यवहार पर भड़के डॉ. दिनेश षाड़ंगी
स्थानीय लोगों की मदद से बची घायल युवक की जान
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल चंद्रमोहन गोप को इलाज के लिए सेल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई और अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने स्वयं पूरे मामले की निगरानी करते हुए टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। लगातार छापेमारी और सूचना तंत्र को सक्रिय कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
























