धान समर्थन मूल्य, गैस सिलेंडर और पेयजल संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पेयजल और सड़क समस्या को लेकर भाजपा ने सौंपा ज्ञापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर और कमल कांत सिंह के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला मंत्री चन्दना मुर्मू बतौर प्रभारी शामिल हुईं। उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के दौरान ₹3200 प्रति क्विंटल धान समर्थन मूल्य और ₹450 में गैस सिलेंडर देने जैसे कई लोकलुभावन वादे किए गए थे, लेकिन सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर सकी। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता को गुमराह कर सत्ता में आई और अब आम लोगों की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार विरोधी नारे लगाए गए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में जनजाति विश्वविद्यालय निर्माण में देरी पर सक्रिय हुए विधायक सोमेश सोरेन
भाजपा ने सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
धरना के दौरान भाजपा नेताओं ने बहरागोड़ा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर स्थिति में हैं और ठेकेदार निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर फरार हो रहे हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई जगह जल मीनारें और चापाकलों के पाइप खराब पड़े हैं, जबकि मौदा गांव का जल मीनार पिछले तीन वर्षों से बंद है। भाजपा नेताओं ने इन समस्याओं को जनविरोधी नीतियों का परिणाम बताते हुए राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर जिला महामंत्री बापतू साव, रंजीत बाला, काजल महाकुड, कृष्ण पाल, मंजुला पोलाई समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

























