मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर विश्वविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग
मुसाबनी इंजीनियरिंग कॉलेज को लेकर भी हुई अहम चर्चा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने रांची स्थित मंत्री आवास में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजाति विश्वविद्यालय, घाटशिला के निर्माण एवं कार्यान्वयन में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने मंत्री को एक संज्ञान पत्र सौंपते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वी सिंहभूम समेत आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। विधायक ने कहा कि लंबे समय से छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा संस्थानों की कमी से प्रभावित हैं, इसलिए परियोजना में तेजी लाना बेहद जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसीआईएल के खिलाफ ग्राम सभाओं का मोर्चा तेज, मजदूरों की बहाली और पर्यावरणीय सुरक्षा को लेकर आंदोलन की चेतावनी
जनजाति विश्वविद्यालय निर्माण में तेजी लाने की मांग तेज
मुलाकात के दौरान मुसाबनी में स्वीकृत इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण एवं संचालन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज का जल्द शुरू होना आवश्यक है। उन्होंने मंत्री से प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया, ताकि छात्र-छात्राओं को बाहर जाने की मजबूरी न हो। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में शिक्षा परियोजनाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

























