एक ही रात में कई वारदातों से सहमे लोग, गहने, नकदी और स्कूल की कंप्यूटर सामग्री लेकर फरार हुए चोर
पुलिस जांच तेज, अपराधियों की तलाश जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने आतंक मचा दिया। एक ही रात में सरकारी स्कूल समेत तीन अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे दी। सबसे बड़ी चोरी भुरकाडीह निवासी गायत्री भक्त के घर में हुई, जहां चोरों ने लोहे के सबल से दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने तथा साढ़े चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के लोग भीषण गर्मी के कारण घर के बगल की पक्की छत पर सो रहे थे। सुबह जब परिवार नीचे उतरा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरी की खबर फैलते ही पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : पूर्वी और पश्चिमी पंचायत की मानवीय पहल, चार मरीजों को लिया गोद
भुरकाडीह में परिवार के सोते समय लाखों की चोरी
चोरों ने सिर्फ एक घर को ही निशाना नहीं बनाया बल्कि उसी गांव की मोनिका रानी भक्त के घर में भी घुसकर डेढ़ हजार रुपये नकद और नए कपड़े तक उठा ले गए। इसके बाद अपराधी आसनवनी पहुंचे, जहां किशोर कुमार गिरी के घर का कुंडी तोड़कर दो थाली, एक लौटा और ढाई सौ रुपये नकद चोरी कर लिए। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि दो साल बाद एक बार फिर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में नियमित गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। स्थानीय ग्राम प्रधान भूदेव भक्त ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और इलाके में सख्त निगरानी की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पोटका में सक्रिय हुईं दुखनी सोरेन, बिजली समस्याओं को लेकर करनडीह कार्यालय पहुंचीं
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में बढ़ा डर
चोरों ने जाते-जाते आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय को भी नहीं छोड़ा। स्कूल के सात कमरों का ताला तोड़कर अंदर घुसे अपराधियों ने कंप्यूटर का यूपीएस, स्टेबलाइजर और सरकारी फाइल समेत करीब 25 हजार रुपये मूल्य की सामग्री चोरी कर ली। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि चोरी से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो सकता है क्योंकि कंप्यूटर से जुड़ी कई जरूरी सामग्री गायब है। घटना के बाद स्कूल परिसर में बिखरे ताले और सामान देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए। सरकारी संस्थान में चोरी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्कूल तक सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।
इसे भी पढ़ें : Gua : एनएमडीसी उपभोक्ता भंडार सहकारी समिति चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न
सरकारी स्कूल में चोरी से शिक्षा व्यवस्था पर असर
घटना के बाद जादूगोड़ा पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भुरकाडीह और आसनवनी पहुंची तथा गायत्री भक्त, मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घरों के अलावा स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश में जुट गई है। इस बीच गायत्री भक्त के घर से चोरी हुए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, महिला का बैग, सोना-चांदी रखने का डिब्बा और अन्य सामान घर से करीब सौ मीटर दूर बरामद किए गए हैं। हालांकि नकदी और जेवर गायब बताए जा रहे हैं। गायत्री भक्त ने जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।























