मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को कराईकेला से सुरक्षित वापस लाया गया
पुलिस की तत्परता और सामाजिक सहयोग की हुई सराहना
समाजसेवियों की मदद से परिवार को मिला अपना सदस्य वापस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेवा नगर निवासी 35 वर्षीय संदीप सिंह, पिता धरम सिंह, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं, भटककर कराईकेला पहुंच गए थे। युवक के दूसरे क्षेत्र में पहुंचने की जानकारी मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में उसका फोटो साझा किया गया तथा स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई। पुलिस की सक्रियता का सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आया और पता चला कि संदीप सिंह गुवा के सेवा नगर का रहने वाला है। पहचान होने के बाद थाना प्रभारी ने युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उसे सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया गया कि संदीप सिंह के पिता धरम सिंह काफी बीमार हैं और बेटे के लापता होने से पूरा परिवार चिंतित था। पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल से परिवार को बड़ी राहत मिली।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : सबर बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आए समाजसेवी सोमाय टुडू, मैट्रिक टॉपरों की पढ़ाई का उठाएंगे पूरा खर्च
पुलिस की सक्रियता से युवक की पहचान हुई सुनिश्चित
इसके बाद युवक को सकुशल वापस लाने के लिए समाजसेवी महिलाओं ने भी सराहनीय पहल की। संदीप सिंह की चचेरी बहन बाली सिंह के साथ समाजसेवी गीता देवी, रेनू सिंह और पदमा केसरी कराईकेला थाना पहुंचीं और वहां के थाना प्रभारी से मुलाकात कर युवक को अपने साथ लेकर मंगलवार देर रात गुवा पहुंचीं। इसके बाद संदीप सिंह को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया, जिससे परिवार में खुशी लौट आई। बताया जा रहा है कि मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने के कारण वह रास्ता भटक गया था। इस दौरान एक मानसिक रोग विशेषज्ञ द्वारा उसकी जांच कर एक माह की दवा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। मामले की जानकारी गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार को भी दे दी गई है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन और समाजसेवियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है।
























