लंबे संघर्ष के बाद बिछी 4 इंची पाइपलाइन, सरदार शैलेंद्र सिंह ने नागरिकों और प्रशासन का जताया आभार
नई पाइपलाइन से पानी और बिजली दोनों समस्याओं से मिलेगी राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सफीगंज मोहल्ला के करीब 400 घरों में लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। नागरिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष सरदार शैलेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि मोहल्ले में बिछाई गई नई 4 इंची पाइपलाइन से 28 मई की शाम से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर स्थानीय नागरिक लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और पाइपलाइन सफीगंज मोहल्ला तक पहुंच चुकी है। इस अवसर पर उन्होंने पार्षद नेहा सिंह, बंटी सिंह, पार्षद राखी सिंह, मुन्ना सिंह, समाजसेवी अखिलेश उपाध्याय समेत मोहल्ले के सभी नागरिकों, महिलाओं और युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे मोहल्ले के सामूहिक संघर्ष और सहयोग का परिणाम है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अब यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को नहीं दिया जाएगा पास, रेल जीएम ने जारी किया निर्देश
लंबे संघर्ष के बाद सफीगंज के लोगों को मिली राहत
सरदार सरदार शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पाइपलाइन में शुरुआत में चार जगह 90 डिग्री के बैंड लगाए गए थे, जिससे पानी के दबाव पर असर पड़ने की आशंका थी। स्थानीय लोगों के सुझाव पर ठेकेदार मनोज सिंह ने कोलकाता से 45 डिग्री के विशेष बैंड मंगवाकर लगवाए, ताकि भविष्य में पानी का प्रवाह सुचारू बना रहे। उन्होंने कहा कि मोहल्ले की माताओं और बहनों ने इस आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई लोगों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद लगातार 25 दिनों तक पाइपलाइन स्थल पर मौजूद रहकर कार्य में सहयोग किया। उन्होंने जिला उपायुक्त राजीव रंजन, पीएचडी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुमित कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान तथा बिजली विभाग के प्रति भी आभार प्रकट किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से सारंडा क्षेत्र में भारी तबाही, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
तकनीकी बदलाव से बेहतर होगा पानी का दबाव
उन्होंने बताया कि जुगसलाई नगर परिषद की उपाध्यक्ष अर्चना दुबे के पति बड़े लाल दुबे भी अपने सहयोगियों के साथ अंतिम चरण के कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। सरदार शैलेंद्र सिंह ने कहा कि नई पाइपलाइन शुरू होने के बाद अब 400 घरों को पानी उपलब्ध कराने के लिए सुबह के समय 20 मिनट तक बिजली बंद करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे लोगों को पानी के साथ-साथ बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी। मोहल्ले के लोगों में नई पाइपलाइन शुरू होने को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसे लंबे संघर्ष की बड़ी जीत मान रहे हैं।
























