अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर यूनियन ने उठाई कई मांगें
मरीजों की सुविधाओं और इलाज व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
यूनियन ने जॉब कांटेक्ट परिवर्तन का किया विरोध
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने मजदूरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने कहा कि यूनियन लंबे समय से अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग करती आ रही है, लेकिन अब तक कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। बैठक में अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, मलेरिया से बचाव हेतु डीटीडी छिड़काव और नियमित फॉगिंग कराने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही अस्पताल के लिए नई वातानुकूलित एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा राउरकेला अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस में भी एसी सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई बकरीद की नमाज
लैब सेवा, ब्लड बैंक और एक्सरे मशीन की मांग हुई तेज
बैठक में यूनियन नेताओं ने रविवार को भी लैब सेवा चालू रखने, अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू करने तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा बहाल करने की मांग की। साथ ही अस्पताल में नया एक्सरे मशीन लगाने और पुराने जर्जर बेड को बदलकर नए बेड उपलब्ध कराने की बात कही गई। यूनियन ने आरोप लगाया कि मरीजों को रेफर किए जाने के बाद रिव्यू के दौरान डॉक्टरों द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। इसके अलावा दावों के नॉन स्टॉप पर बिल जमा होने के बावजूद ठेका मजदूरों का सात माह से लंबित भुगतान अविलंब करने की मांग उठाई गई। संघ ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली, आरओ वाटर की नियमित आपूर्ति और मरीजों को बीमारी के अनुसार अलग-अलग गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली में बिजली व्यवस्था चरमराई, आजसू का पावर हाउस के समक्ष धरना प्रदर्शन
सेल प्रबंधन को चार दिन का समय, कुछ मांगों पर शुरू हुआ काम
बैठक में रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन सप्लाई मजदूरों को जॉब कांटेक्ट में परिवर्तन करने की योजना बना रहा है, जिसे यूनियन किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि इन सभी मांगों को लेकर दो दिन पूर्व सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार के साथ बैठक हुई थी। बैठक में प्रबंधन ने मांगों पर विचार करने के लिए चार दिन का समय मांगा है। यूनियन के अनुसार कुछ मांगों पर सेल प्रबंधन ने कार्य शुरू भी कर दिया है। साथ ही अस्पताल परिसर के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई गई।
























