ईदगाह मैदान में अदा की गई विशेष नमाज, देश की खुशहाली के लिए मांगी दुआएं
प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क, हर जगह दिखी पुलिस की मुस्तैदी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार गुरुवार को बहरागोड़ा, मटिहाना और चिंगडा क्षेत्रों में अकीदत, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही बहरागोड़ा के स्थानीय ईदगाह मैदान में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नए परिधानों में पहुंचे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने कतारबद्ध होकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए सामूहिक दुआएं मांगी। नमाज के बाद पूरा माहौल “ईद मुबारक” की शुभकामनाओं से गूंज उठा और लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : डुमरिया के पाडसी गाजाड़ टोला में गहराया पेयजल संकट, गड्ढे का पानी पीने को मजबूर सबर परिवार
सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। ईदगाह मैदान समेत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्थानीय प्रशासन और पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में निगरानी करते रहे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पर्व के दौरान बहरागोड़ा क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और कौमी एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। लोगों ने कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। पूरे दिन क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों ने प्रेम व सद्भाव के साथ त्योहार मनाया।
























