हिरजी हाटिंग टोला में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का दिया गया संदेश
स्वच्छ गांव और सुरक्षित जलवायु के लिए सामूहिक प्रयास पर दिया गया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा पूर्वी पंचायत के हिरजी हाटिंग टोला में बुधवार को स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु और बदलाव प्रोजेक्ट के तहत ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान किशोरियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों को पेड़ों के महत्व और हरियाली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों और किशोरियों ने बताया कि स्वस्थ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : खण्डामौदा आरोग्य मंदिर में गूंजा स्वच्छता का संदेश, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश
अभियान के दौरान स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। ग्रामीणों को बताया गया कि सांप या कुत्ता काटने जैसी आपात स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा मच्छरदानी के नियमित उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मौके पर सुनीता समद, जानो चातर, रजनी पिंगुआ, चांदमनी देवी, पदमा केसरी, जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, अनुराधा राव, नोनी समद, जलसाहिया किरण देवी, प्रज्ञा संचालक तापस दास, कमली दास सहित किशोरियों का समूह एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।























