शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए थे प्रसिद्ध
क्षेत्र के लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के इंचड़ाशोल निवासी एवं गंडानाटा मध्य विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक मनोरंजन पांडा (64 वर्ष) का 3 जून 2026 को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही बहरागोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अपने लंबे शिक्षकीय जीवन में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा दिखाई। सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के कारण वे शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : बुरुडीह में विश्व पर्यावरण दिवस पर पेड़ों को बांधा रक्षा सूत्र, लिया संरक्षण का संकल्प
विद्यार्थियों के मार्गदर्शक के रूप में बनाई थी विशेष पहचान
श्री पांडा ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। समाज के उत्थान और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयासों को कई मंचों पर सम्मानित किया गया था। उनके आकस्मिक निधन पर स्थानीय शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शोक व्यक्त करने वालों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
























