उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने विक्रय व्यवस्था, स्टॉक एवं मूल्य सूची की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी के निर्देशानुसार उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने मंगलवार को सरायकेला नगर क्षेत्र के गैरेज चौक स्थित लाइसेंसी खुदरा शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मदिरा उत्पादों के उपलब्ध स्टॉक, विक्रय अभिलेखों, मूल्य सूची तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर उत्पाद उपलब्ध कराए जाने संबंधी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में दुकान में उपलब्ध स्टॉक, बिक्री रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। निरीक्षण में सभी अभिलेख अद्यतन एवं नियमानुसार संधारित पाए गए। साथ ही दुकान में प्रदर्शित मूल्य सूची और विक्रय दरों का भी मिलान किया गया, जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : आरएसएस कार्यालय पर हमले की भाजपा नेता डॉ. जटा शंकर पाण्डेय ने की कड़ी निंदा
ग्राहकों से ली गई जानकारी, एमआरपी पर बिक्री की पुष्टि
निरीक्षण के दौरान उत्पाद अधीक्षक ने दुकान पर मौजूद ग्राहकों से भी बातचीत कर मदिरा उत्पादों की उपलब्धता एवं विक्रय मूल्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्राहकों ने बताया कि सभी उत्पाद निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उनसे अतिरिक्त राशि की मांग नहीं की जाती है। जांच के दौरान मूल्य निर्धारण, विक्रय प्रक्रिया तथा उपभोक्ता सुविधाओं के संबंध में भी समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने पाया कि दुकान प्रबंधन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जा रहा है तथा विक्रय व्यवस्था संतोषजनक है। निरीक्षण में मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित मिली और स्टॉक विवरण भी अभिलेखों से मेल खाते पाए गए।
इसे भी पढ़ें : Gua : ओलिंपियाड में चमके डीएवी गुवा के विद्यार्थी, गोल्ड-सिल्वर पदक जीत बढ़ाया विद्यालय का मान
पारदर्शिता और उपभोक्ता हितों के लिए जारी रहेगा अभियान
उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज मिंज ने संबंधित दुकान प्रबंधन को विभागीय प्रावधानों एवं लाइसेंस की शर्तों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मदिरा उत्पादों की बिक्री निर्धारित एमआरपी पर ही की जाए तथा स्टॉक, विक्रय एवं अन्य अभिलेखों का नियमित और अद्यतन संधारण किया जाए। इसके अलावा मूल्य सूची को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखने, उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार बिल उपलब्ध कराने तथा निरीक्षण के समय सभी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिले में मदिरा विक्रय व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विभागीय नियमों के अनुपालन के लिए नियमित एवं औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

























