प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को सौंपी जाएगी चाबी, गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होंगे मंत्री
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय पहल से कई लंबित विकास योजनाओं को मिल रही है गति
आवास मिलने से सैकड़ों परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा की नई शुरुआत होगी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विधायक पूर्णिमा साहू के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आगामी 19 जून को आयोजित विशेष समारोह में लाभुकों को उनके आवास की चाबी सौंपते हुए गृह प्रवेश कराया जाएगा। वर्षों से आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे सैकड़ों परिवारों के लिए यह दिन बेहद खास होने वाला है। विधायक पूर्णिमा साहू ने इस मामले को लगातार प्राथमिकता देते हुए नगर विकास विभाग, विभागीय सचिव और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ कई स्तरों पर बातचीत की। उन्होंने आवंटन में हो रही देरी को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की और शीघ्र समाधान की मांग उठाई। उनके निरंतर प्रयासों के बाद अब लाभुकों को अपने घर का अधिकार मिलने जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : आपदा प्रबंधन को लेकर जमशेदपुर में विशेष प्रशिक्षण शिविर, एनडीआरएफ ने सिखाए रेस्क्यू ऑपरेशन के गुर
विधानसभा से लेकर ‘दिशा’ बैठक तक उठाया मुद्दा, आवंटन प्रक्रिया में आई तेजी
विधायक पूर्णिमा साहू ने केवल विभागीय स्तर पर ही नहीं बल्कि विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से कई बार मुलाकात कर आवास आवंटन में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की और जल्द प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया। हाल ही में आयोजित ‘दिशा’ बैठक में भी उन्होंने इस विषय को मजबूती से रखा था। 14 जून को नगर विकास मंत्री और विभागीय सचिव से हुई बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी दी गई कि 19 जून को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को आवास सौंप दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी उपस्थित रहेंगे। इससे लाभुकों में उत्साह का माहौल है और वर्षों पुराना इंतजार समाप्त होने जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Potka : मुक्तेश्वर धाम हरिणा में सविता सरदार ने की पूजा-अर्चना, क्षेत्र की खुशहाली की मांगी दुआ
9592 फ्लैटों की परियोजना से जुड़े परिवारों में खुशी, विधायक ने जताया आभार
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर आवासीय परियोजना में 9592 फ्लैटों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए हुए थे, जो अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को समय पर आवास उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है और इसी उद्देश्य से उन्होंने लगातार प्रयास किए। विधायक ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वह निरंतर कार्य करती रहेंगी। साथ ही उन्होंने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। गृह प्रवेश कार्यक्रम को लेकर लाभुक परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल है।


























