प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में विद्यालय विकास, नई समिति गठन और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा विस्तार पर बनी सहमति
नए भवन में उच्चतर माध्यमिक शिक्षा शुरू करने की तैयारी तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के इचड़ाशोल स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीहरि बनवासी विकास समिति की प्रांतीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांत महामंत्री धनंजय सिंह, मंत्री शिवेंद्र लाल मानिक, सह मंत्री संजेश मोहन ठाकुर, सह मंत्री सुभाष दुबे तथा प्रांत शिक्षा प्रमुख प्रमोद नाथ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संकुल प्रधानाचार्य अशोक कुमार नायक एवं प्रधानाचार्य वासुदेव प्रधान द्वारा वनवासी कल्याण केंद्र के लोक-कल्याणकारी उद्देश्यों पर प्रकाश डालने के साथ हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से विद्यालय प्रबंध समिति का पुनर्गठन किया गया। नई समिति में सेवानिवृत्त शिक्षक दुखीराम मुर्मू को अध्यक्ष, पूर्व छात्र दीपंकर साहू को सचिव, आकाश कर को सह सचिव, हरिहर माईति को उपाध्यक्ष, सनत कुंडू को कोषाध्यक्ष तथा श्रीमती दुर्गा चौधरी को अभिभावक प्रतिनिधि बनाया गया। इसके अलावा हीरालाल महतो को प्रांतीय प्रतिनिधि और विद्यालय के प्रधानाचार्य को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 5 माह से वेतन नहीं मिलने पर एनएचएम कर्मियों का सदर अस्पताल में प्रदर्शन, भुगतान की मांग तेज
नई समिति में अनुभवी और युवा सदस्यों को मिली जिम्मेदारी
बैठक के दूसरे चरण में नवनिर्वाचित समिति के सदस्यों ने पाटबेड़ा मौजा स्थित नए विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने आगामी शैक्षणिक सत्र से नए भवन में 10+2 (उच्चतर माध्यमिक) कक्षाओं का संचालन प्रारंभ करने का सामूहिक संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा। साथ ही विद्यालय के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।


























