मुखिया और थाना प्रभारी ने युवाओं व ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
किरीबुरू : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार रात किरीबुरू पश्चिम पंचायत के आर.सी. सिंह हाटिंग में एक जागरूकता रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता पंचायत की मुखिया पार्वती कीड़ो एवं किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की। चौपाल में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण शामिल हुए और समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी रोहित कुमार ने समाज में बढ़ती समस्याओं को “Wine, Women and Wealth” के संदर्भ में समझाते हुए कहा कि थाना में आने वाले अधिकांश मामलों का संबंध शराब सेवन, महिलाओं के प्रति हिंसा और धन-संपत्ति विवाद से होता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की जड़ नशापान है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक साबित हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : Muri : बिजली संकट के खिलाफ आंदोलन तेज, 28 जून को सब स्टेशन में तालाबंदी का ऐलान
युवाओं को नशे से दूर रखने का किया आह्वान
मुखिया पार्वती कीड़ो ने उपस्थित ग्रामीणों को नशा छोड़ने की शपथ दिलाते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में चले जाएं तो समाज और देश का विकास बाधित हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समुदाय को भी जागरूक करने का आह्वान किया। पार्वती कीड़ो ने कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी और सामूहिक प्रयासों से ही झारखंड को नशामुक्त बनाया जा सकता है। चौपाल में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Silli : चुनाव प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए एसआईआर जरूरी – अमित महतो
महिलाओं ने साझा की पीड़ा, शराब को बताया पारिवारिक संकट का कारण
रात्रि चौपाल के दौरान कई महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि उनके पति शराब पीकर घर आते हैं और कई बार घरेलू हिंसा का भी सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि मेहनत-मजदूरी से अर्जित आय का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च हो जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और परिवार की आवश्यक जरूरतें प्रभावित होती हैं। उन्होंने बताया कि शराब की लत से आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ-साथ पारिवारिक रिश्तों में भी तनाव बढ़ रहा है। चौपाल में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने अपने घरों से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत करने तथा गांव के प्रत्येक परिवार को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शानी हेस्सा, कुमुद हेंब्रम, कनक मिश्रा, प्रतिमा सिंह, इंद्रजीत गोप, आशना बिरुआ, राधा मालुवा, नेहा हेंब्रम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
























