जांच में उपचार संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर क्लिनिक बंद करने का निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड में पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की सातवीं कक्षा की छात्रा लख्खी सरदार की ब्रेन मलेरिया से हुई मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीएमओ अजय सिन्हा के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने हाता स्थित निदान क्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि छात्रा का उपचार क्लिनिक में कार्यरत फार्मासिस्ट टी.के. गुप्ता द्वारा किया गया था। बताया गया कि उपचार डॉ. पी.के. प्रसाद के प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के इलाज से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की मांग की, लेकिन क्लिनिक प्रबंधन तथा संबंधित कर्मी कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुधीर महतो की 72वीं जयंती पर झामुमो ने दी श्रद्धांजलि
ब्रेन मलेरिया के लक्षण के बावजूद आवश्यक दवा नहीं देने का आरोप
स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि छात्रा में ब्रेन मलेरिया के स्पष्ट लक्षण होने के बावजूद उसके उपचार में मलेरिया की आवश्यक दवाओं का उपयोग नहीं किया गया था। जांच अधिकारियों ने इसे गंभीर चिकित्सीय लापरवाही की श्रेणी में माना है। इसी आधार पर डॉ. रजनी महाकुड़ ने निदान क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही क्लिनिक संचालकों को दो दिनों के भीतर इलाज से संबंधित सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड एसीएमओ अजय सिन्हा के समक्ष प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पद्मभूषण सम्मान पर झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह, जिला कार्यालय में बांटे गए 25 किलो लड्डू
फार्मासिस्ट की भूमिका और उपचार प्रक्रिया की हो रही विस्तृत जांच
छात्रा की मौत के बाद पूरे मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और निजी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान फार्मासिस्ट की भूमिका, उपचार की प्रक्रिया और चिकित्सा मानकों के पालन की विस्तार से समीक्षा की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। विभागीय रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।




























