बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
आरोपियों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को एनडीए द्वारा आहूत बंद का व्यापक असर देखने को मिला। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने भुईयांडीह क्षेत्र में बंद का नेतृत्व करते हुए अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। भुईयांडीह स्थित अपने आवासीय कार्यालय से निकले दुलाल भुईयां ने कार्यकर्ताओं के साथ मानगो बस स्टैंड, भुईयांडीह और आसपास के कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दुकानदारों और व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील की। कई स्थानों पर प्रदर्शन के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर दूषित पानी का संकट, झामुमो ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग
बंद के दौरान सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता
बंद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है, जिसके कारण आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। बंद के समर्थन में स्थानीय लोगों की भी भागीदारी देखने को मिली और कई व्यापारिक प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे।
इसे भी पढ़ें : Goilkera : गोइलकेरा में वज्रपात से एक की मौत, एक गंभीर रूप से झुलसा
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
मौके पर संबोधित करते हुए दुलाल भुईयां ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि राज्य की चरमराई कानून-व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और लगातार हो रही घटनाएं सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए का यह बंद जनता की आवाज है और सरकार को चेतावनी देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। दुलाल भुईयां ने मांग की कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। इस अवसर पर मन्नू मंडल, चमन तिवारी, कुंज बिभार, विशाल नायक भुईयां, अभिजीत भुईयां, धीरेन्द्र सिंह, सुबोल प्रमाणिक, अशोक कुमार, संजय कुमार, बादल भुईयां समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























