गुरगुड़िया गांव में घर के अंदर बैठे दो लोग आए आकाशीय बिजली की चपेट में
सदर अस्पताल चाईबासा में इलाज के दौरान एक ने तोड़ा दम
पुतुल नायक की मौत से गुरगुड़िया गांव में पसरा सन्नाटा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गोईलकेरा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत गुरगुड़िया गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुए भीषण वज्रपात की चपेट में आने से 51 वर्षीय पुतुल नायक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 48 वर्षीय प्रशांत गोप गंभीर रूप से झुलस गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति गुरगुड़िया गांव में अपने घर के अंदर बैठे हुए थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झायल हो गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने अंधविश्वास व पारंपरिक तौर-तरीकों को अपनाते हुए दोनों के शरीर पर गोबर का लेप लगाकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। हालांकि, जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और शरीर में बेचैनी अत्यधिक बढ़ने लगी, तब परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन से दोनों को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : आज की बंदी पूरी तरह फ्लॉप, भाजपा की बंदी सिर्फ नीरज सिंह को बचाने की साजिश – अजय मंडल
अस्पताल में भर्ती प्रशांत गोप की हालत गंभीर
चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां तैनात चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों का त्वरित उपचार शुरू किया। लेकिन दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान ही 51 वर्षीय पुतुल नायक ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी ओर, गंभीर रूप से झुलसे प्रशांत गोप का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उनकी स्थिति अब भी बेहद चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक पुतुल नायक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद से पूरे गुरगुड़िया गांव में गहरा शोक और सन्नाटा है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वज्रपात के समय पक्के मकानों में शरण लें और पारंपरिक व अंधविश्वास वाले इलाज के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।























