हिमांशु हत्याकांड पर कांग्रेस जिला महासचिव ने साधा निशाना, कहा- सरकार ने की त्वरित कार्रवाई
भाजपा पर लगाया दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप
जनता के सामने उजागर हुआ विपक्ष का दोहरा चेहरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां में हिमांशु हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए बंद पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के जिला महासचिव अजय मंडल ने इसे पूरी तरह विफल और फ्लॉप बताया है। श्री मंडल ने कहा कि राज्य सरकार ने इस संवेदनशील मामले में बेहद त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। घटना के तुरंत बाद ही जमशेदपुर के एसएसपी और सरायकेला के एसपी को पद से हटा दिया गया, जबकि बिस्टुपुर थाना प्रभारी समेत ड्यूटी पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन अब तक इस मामले में 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने पीड़ित परिवार की सभी जायज मांगें मान ली हैं, इसलिए अब इस बंद का कोई तार्किक औचित्य नहीं रह गया था।
इसे भी पढ़ें : Novamundi : नोवामुंडी में 400 छात्र-छात्राओं के बीच ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत साइकिलों का वितरण
हत्या की जड़ बार मालिक और भाजपा नेता को बचाने के लिए दबाव बनाने की कोशिश
विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए अजय मंडल ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद दो दिनों तक पीड़ित हिमांशु का परिवार न्याय की गुहार लगाते हुए सड़क पर बैठा रहा, लेकिन उस समय भाजपा का कोई भी बड़ा नेता उनके दुख-दर्द में साथ खड़ा दिखाई नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि आज की बंदी का असली मकसद सिर्फ बार मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को बचाना है। सरकार पर बेवजह का राजनीतिक दबाव बनाकर आम जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया जा रहा है। इस हत्या की मुख्य जड़ नीरज सिंह का बार है, जहां रात में अश्लील डांस कराने की अनुमति दी गई थी। भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है और जनता अब इनका दोहरा चरित्र अच्छी तरह समझ चुकी है। सरकार और पुलिस पूरी ईमानदारी से काम कर रही है, जबकि मुद्दाविहीन भाजपा सिर्फ अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के लिए बंद का ढोंग कर रही थी।























