दामपाड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : दामपाड़ा क्षेत्र के एकमात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांधनिया में डॉक्टरों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्व जिला सदस्य बलराम मण्डी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल अस्पताल प्रभारी को मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गांधनिया स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी चिकित्सकों की भारी कमी के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को सामान्य उपचार के लिए भी भटकना पड़ता है, जबकि आपातकालीन स्थिति में उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। ज्ञापन में कहा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है तथा लैब जांच, ऑक्सीजन, बेड और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। इससे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गोपालपुर फाटक पर फुट ओवरब्रिज की मांग को लेकर झामुमो युवा मोर्चा का सांकेतिक धरना
स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति की उठी मांग
झामुमो नेता बलराम मण्डी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ही स्वास्थ्य सेवा का प्रमुख आधार है। यदि वहां डॉक्टर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं होंगे तो आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। मांग-पत्र में अस्पताल में कम से कम दो स्थायी चिकित्सकों, जिनमें एक महिला और एक पुरुष डॉक्टर की तत्काल नियुक्ति की मांग की गई है। इसके अलावा 24×7 इमरजेंसी सेवा शुरू करने, जीवन रक्षक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, 108 एंबुलेंस सेवा को प्रभावी ढंग से संचालित करने, नर्स, कंपाउंडर और सफाईकर्मियों की नियुक्ति करने तथा प्रसव कक्ष को पूरी तरह सुसज्जित करने की मांग रखी गई है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुविधाओं की निगरानी के लिए विधायक स्तर पर एक मॉनिटरिंग समिति का गठन किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची शीतला माता मंदिर में 15 जुलाई से नौ दिवसीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन
समस्याओं के समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। अनुमंडल अस्पताल प्रभारी ने मांग-पत्र प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त संख्या में स्थायी डॉक्टरों की तैनाती, नियमित दवा आपूर्ति, लैबोरेटरी एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं के संचालन, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। इस अवसर पर दामपाड़ा पूर्व युवा प्रभारी अन्त विजय सोरेन, प्रखंड कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, कृष्णा मंडी, दामु हेंब्रम, छोटराय मुर्मू, राज मार्डी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर प्रशासन को तत्काल गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।























