क्षतिग्रस्त नहर की सफाई और मरम्मत से कृषि कार्यों को मिलेगा नया संबल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड अंतर्गत राजाबासा–वृंदाबनपुर शाखा नहर की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। नहर की लाइनिंग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी तथा मिट्टी धंस जाने के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा था, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ग्राम प्रधान महेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में इस समस्या के समाधान के लिए पहल की गई। स्थानीय विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन के प्रयास से संबंधित विभाग द्वारा जेसीबी मशीन उपलब्ध कराई गई, जिसके माध्यम से नहर की सफाई और मरम्मत का कार्य कराया गया। मरम्मत के बाद नहर को पुनः सुचारु रूप से संचालित कर दिया गया है, जिससे खेतों तक पानी पहुंचने में आसानी होगी।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गांधनिया स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और सुविधाओं की मांग को लेकर झामुमो ने सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने विधायक और विभाग के प्रति जताया आभार
नहर की मरम्मत पूरी होने के बाद क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि इससे सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन तथा संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सिंचाई संसाधनों के रखरखाव और विकास की मांग की। इस जनहितकारी कार्य को सफल बनाने में झामुमो घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू के साथ बड़ा दुर्गा मुर्मू, अशोक महतो, निमाई मुर्मू, हलधर मुर्मू, दुखु मुर्मू, अजय मुर्मू, किटाई मुर्मू एवं बस्ता मुर्मू सहित कई ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों का मानना है कि नहर के सुचारु होने से खेती-किसानी को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।























