खुदपुटली मौजा में छापेमारी, जब्त बालू मुखिया के जिम्मेनामा सौंपा गया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3000 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई खुदपुटली मौजा में जिला खनन इंस्पेक्टर अरविंद उरांव एवं अभिजीत मजूमदार के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान अंचल अधिकारी राजा राम सिंह मुंडा तथा भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त बालू को स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम सिंह मुंडा के जिम्मेनामा सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध बालू भंडारण के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने के लिए स्थानीय स्तर पर पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मॉडल स्कूल में पुलिस की पाठशाला, बच्चों को दिए साइबर सुरक्षा और रोड सेफ्टी के टिप्स
बालू माफियाओं की गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से गोहालडीह, मधुआबेड़ा और खुदपुटली क्षेत्र की विभिन्न सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अवैध बालू डंपिंग की जा रही थी। प्रशासन को सूचना मिली थी कि बालू माफिया रात के अंधेरे में इन भंडारण स्थलों से बालू की निकासी की तैयारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, वे पुलिस और प्रशासन की गतिविधियों पर भी नजर रख रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही प्रमुख डंपिंग स्थलों पर चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती कर दी थी। इसी रणनीति के तहत की गई छापेमारी में बड़ी मात्रा में बालू जब्त किया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध खनन और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।






















