युवाओं की भागीदारी, सामाजिक समरसता और पुलिस-जन सहयोग को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा
नए नेतृत्व से शांति, सुरक्षा और जनसेवा को मिलेगी मजबूती
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सामाजिक एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय युवा साथियों और समाज का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों के एक दल ने सोमवार को जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सुकरा हो, सुनील हेंब्रम, राजू बेसरा, रवि सोरेन, सुरेश हेंब्रम, रवींद्र बास्के सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने एसएसपी का पारंपरिक आदिवासी गमछा ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस मुलाकात के दौरान सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua/Kiriburu : किरीबुरू में ओटीआर टायर सुरक्षा एवं रखरखाव पर प्रदर्शन सुधार कार्यशाला आयोजित
समाज और पुलिस के बीच बेहतर संवाद पर दिया गया जोर
बैठक के दौरान युवाओं की रचनात्मक एवं सकारात्मक भागीदारी, सामाजिक समरसता, कानून-व्यवस्था की मजबूती तथा समाज और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, संवाद एवं सहयोग को लेकर सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. एहतेशाम वकारीब को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जमशेदपुर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद व्यक्त की कि प्रशासन और समाज के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और संवाद की परंपरा आगे भी सशक्त होती रहेगी, जिससे जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।























