नवदीप नगर सहित कई बस्तियों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की उठाई मांग
जनसुविधा बढ़ाने की दिशा में पहल से लोगों को राहत की उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने नवदीप नगर, कुमारपाड़ा, बंगालीपाड़ा, मुर्गापाड़ा, गोपपाड़ा, राज कचहरी मैदान और मुबारक बस्ती समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर हाई मास्क लाइट लगाने का अनुरोध किया। मुखिया ने कहा कि इन क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को रात के समय विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में शिवभक्ति की धूम, स्वर्णरेखा से जल लेकर श्रद्धालु पहुंचे मंदिर
रात्रि सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए जरूरी है प्रकाश व्यवस्था
मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने बताया कि हल्दीपोखर क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय एवं बाहरी लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव लोगों की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हाई मास्क लाइट लगने से रात के समय आवागमन आसान होगा, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।























