बिरसा मुंडा टाउन हॉल में लंबित मामलों की सुनवाई के साथ सरकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के तत्वावधान में दिव्यांगजनों से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में चलंत न्यायालय (मोबाइल कोर्ट) सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ प्रातः 11 बजे से होगा। इस दौरान दिव्यांगजनों से संबंधित लंबित मामलों की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ भी उपस्थित रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में ‘Catch the Rain’ और स्वच्छता अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहायक उपकरण, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ, कानूनी परामर्श तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, ताकि दिव्यांगजन अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम ने जिले के सभी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस महत्वपूर्ण अवसर का उपयोग करें।
























