22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक और निर्वाचन पाठशाला का होगा आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की जानकारी साझा की गई। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दिव्यांगजनों के लिए 24 जुलाई को लगेगा मोबाइल कोर्ट सह जागरूकता शिविर
22 जुलाई को होगी बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक, सत्यापन पर रहेगा जोर

बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा निर्वाचन पाठशाला आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची और ASDD (डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपलब्ध एवं हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाता) सूची का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ASDD सूची में दर्ज सभी प्रविष्टियों का गंभीरता और निष्पक्षता के साथ सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र नामों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में ‘Catch the Rain’ और स्वच्छता अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
18 वर्ष पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मतदान केंद्र स्तर पर आयोजित बैठकों में 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही दावा एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटिरहित बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में ईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, एईआरओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।























