कचरे के अंबार से बढ़ी लोगों की परेशानी, नगर परिषद से तत्काल समाधान की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पूरी तरह बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लों, गलियों और आवासीय क्षेत्रों में कचरे का ढेर लगने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। साथ ही संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। इस गंभीर समस्या को लेकर जुगसलाई नगर परिषद के पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान से मुलाकात कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। पार्षदों ने कहा कि नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और जनता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : SIR-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा बैठक
एजेंसी की कार्यशैली पर उठे सवाल, टेंडर रद्द करने की मांग
पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी को बताया कि कचरा संग्रहण का जिम्मा संभाल रही एजेंसी लगातार विभिन्न बहाने बनाकर नियमित रूप से कार्य करने से बच रही है। उन्होंने एजेंसी की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि यदि वर्तमान एजेंसी निर्धारित शर्तों के अनुरूप कार्य करने में सक्षम नहीं है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर एजेंसी का टेंडर रद्द कर किसी सक्षम और जिम्मेदार एजेंसी को यह कार्य सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दिव्यांगजनों के लिए 24 जुलाई को लगेगा मोबाइल कोर्ट सह जागरूकता शिविर
समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नियमित कचरा संग्रहण शुरू नहीं किया गया तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन और संबंधित एजेंसी की होगी। इस पर कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि कचरा संग्रहण करने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान कर अगले दिन से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य पुनः पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल ‘मुन्ना’ और बड़े लाल दुबे भी उपस्थित रहे।























