दुबिल गांव में मिट्टी के घर को भारी नुकसान, अन्य दीवारों के गिरने का भी बना खतरा
बारिश से बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें, प्रशासनिक मदद की प्रतीक्षा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब ग्रामीण इलाकों के कच्चे मकानों के लिए खतरा बनती जा रही है। छोटानागरा पंचायत के दुबिल गांव निवासी रूइदास आईन्द के मिट्टी से बने कच्चे घर की एक पूरी किनारे की दीवार सोमवार को तेज बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। हालांकि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित थे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी क्षति पहुंची है। परिजनों के अनुसार कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण घर की दीवारें कमजोर हो गई थीं। दीवार गिरने के बाद घर का एक हिस्सा पूरी तरह खुल गया है, जिससे बारिश का पानी सीधे अंदर प्रवेश कर रहा है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों में भय का माहौल है और वे हर समय अन्य दीवारों के गिरने की आशंका से चिंतित हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : मूसलाधार बारिश से सारंडा क्षेत्र अस्त-व्यस्त, गुवा सेल खदान में जलभराव से उत्पादन कार्य प्रभावित
सुरक्षित आश्रय और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
परिवार का कहना है कि लगातार वर्षा के कारण वे घरेलू सामान के साथ किसी सुरक्षित स्थान पर भी नहीं जा पा रहे हैं और मजबूरी में क्षतिग्रस्त मकान में ही रह रहे हैं। घर की अन्य दीवारों में भी दरारें और कमजोरी दिखाई देने लगी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दीवार गिरने के कारण खुले हिस्से से सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के घर में प्रवेश करने की आशंका बढ़ गई है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरा गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे कराने तथा सरकारी आवास योजना के तहत लाभ देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो परिवार के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।























