लालजी हाटिंग में आधी रात को हुआ हादसा, मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की लगाई गुहार
लगातार बारिश से क्षेत्र में बढ़ी लोगों की चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना क्षेत्र के लालजी हाटिंग में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे स्थित जीवन भेंगरा के घर पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना देर रात की बताई जा रही है। जीवन भेंगरा ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात में भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान आधी रात के बाद अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के लोग घबराकर घर से बाहर निकल आए। बाहर निकलने पर देखा कि एक विशाल पेड़ घर की छत पर गिर पड़ा है। पेड़ गिरने से मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विशेष शिविर, सैकड़ों युवाओं ने कराया पंजीकरण
समय रहते बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद परिवार दहशत में है और क्षतिग्रस्त मकान में रहना उनके लिए जोखिम भरा हो गया है। जीवन भेंगरा ने बताया कि यदि परिवार के सदस्य कुछ देर और घर के अंदर रहते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा मरम्मत की व्यवस्था करने की मांग की है। इधर लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के अन्य लोग भी चिंतित हैं। कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने और जलभराव की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।























