जलाभिषेक यात्रा और महाआरती को लेकर सूर्य मंदिर समिति ने पूरी की तैयारियां
भक्तिमय झांकियों और पुष्पवर्षा से सजेगी शिवभक्ति की यात्रा
सोन मंडप परिसर में लगाए जाएंगे 20 प्रसाद और 15 जल काउंटर
काशी के गंगा घाट जैसा दिखेगा सूर्यधाम का छठ घाट परिसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पवित्र श्रावण मास के तृतीय सोमवार को सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में आयोजित होने वाले सामूहिक जलाभिषेक कार्यक्रम को लेकर सूर्य मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की भव्यता को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और केसरिया ध्वजों से सजाया गया है। मंदिर परिसर के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर भी विशेष विद्युत सज्जा की गई है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंग गया है। समिति के अनुसार सोमवार सुबह 7:30 बजे से श्रद्धालु बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे, जहां सुल्तानगंज से लाए गए उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल के साथ 11 सदस्यीय पंडितों का दल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक का संकल्प कराएगा। इसके बाद हजारों श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सूर्य मंदिर शिवालय के लिए प्रस्थान करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Potka : सोमवारी को न्याय दो के नारों के साथ ग्रामीणों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
जलाभिषेक यात्रा में शामिल होंगे कई गणमान्य लोग
सूर्य मंदिर समिति के अनुसार जलाभिषेक यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित शहर के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। यात्रा के दौरान भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियां और पुष्पवर्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। शहर और बाहर से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को शिवमय बनाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यात्रा में दो एम्बुलेंस तथा चिकित्सा दल की भी तैनाती की गई है। समिति का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से इस धार्मिक आयोजन में भाग ले सकें।
इसे भी पढ़ें : Potka : स्वतंत्रता दिवस पर विधायक संजीव सरदार ने विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण, खेल और सामाजिक कार्यक्रमों में हुए शामिल
25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था
जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए सूर्य मंदिर परिसर स्थित सोन मंडप में महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की देखरेख में प्रसाद वितरण के लिए 20 काउंटर तथा पेयजल के लिए 15 अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। प्रसाद वितरण व्यवस्था के प्रभारी पवन अग्रवाल, मनोज श्रीवास्तव और बंटी अग्रवाल ने बताया कि गोलमुरी, बर्मामाइंस और साकची पूर्वी क्षेत्र के सदस्य सेवा कार्य में सहयोग करेंगे। लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अलग से बैरिकेडिंग की गई है। समिति ने बताया कि महाप्रसाद की तैयारी में स्वच्छता, श्रद्धा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नशामुक्त युवा, शिक्षित समाज और सामाजिक एकता ही सशक्त एवं विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं – काले
बनारस की तर्ज पर होगी भव्य महाआरती और आतिशबाजी
श्रावण सोमवार के अवसर पर संध्याकाल 6:30 बजे से सूर्यधाम के छठ घाट तालाब परिसर में काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम के लिए बनारस से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली आमंत्रित की गई है, जो शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार, दीपमालाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ दिव्य महाआरती संपन्न कराएगी। श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने के लिए आकर्षक आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा। सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि आयोजन की सफलता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उप-समितियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।






















