पुल के ऊपर बह रहा पानी, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम न उठाने की अपील की
कारो नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सोमवार से जारी मूसलाधार बारिश ने गुवा और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए दो प्रमुख मार्ग हैं। एक रास्ता हाथी चौक होकर जाता है, जबकि दूसरा पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए बोकना पुल से होकर गुजरता है। बोकना पुल वाला मार्ग अपेक्षाकृत छोटा होने के कारण लोगों को लगभग तीन किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ती है। पुल पर पानी चढ़ जाने से अब लोगों को लंबा रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे दैनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 6 सितंबर को शिक्षा व्यवस्था पर जमशेदपुर में सेमिनार करेंगे विधायक सरयू राय
छोटा मार्ग बंद होने से बढ़ी लोगों की परेशानी
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और जलस्रोतों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। कारो नदी उफान पर है और उसके जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और जलमग्न पुलों या नदी किनारे जाने से बचें। प्रशासन ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि कारो नदी में मछली पकड़ने या स्नान करने के लिए कोई भी व्यक्ति नदी में न उतरे। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



























