- शहीद दिवस पर केवल शहीद स्थल और बिरसा चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, सार्वजनिक आयोजन किए गए रद्द
- कार्यक्रम में किया गया महत्वपूर्ण बदलाव, कार्यक्रम की प्रशासन ने की पुष्टि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 8 सितंबर को प्रस्तावित गुवा शहीद दिवस कार्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गुवा मैदान में श्रद्धांजलि सभा, परिसंपत्तियों का वितरण तथा विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम शामिल थे, लेकिन अब इन्हें रद्द कर दिया गया है। मुख्यमंत्री का दौरा केवल गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तक सीमित रहेगा। इस बदलाव को लेकर जिला प्रशासन ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : झामुमो संपर्क कार्यालय में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री का दौरा अब श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12:30 बजे रांची स्थित स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा गुवा के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1 बजे गुवा सेल हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से 1:10 बजे गुवा बाजार स्थित शहीद स्थल पहुंचकर गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 1:25 बजे बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके उपरांत वे पुनः हेलीपैड पहुंचकर रांची के लिए रवाना हो जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Chandil : चौका में सिलसिलेवार आपराधिक घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर सवाल, पुलिस के सूचना तंत्र पर उठी उंगली
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। गुवा सेल हेलीपैड से शहीद स्थल और बिरसा चौक तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। शहीद स्थल, बिरसा चौक और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के कारण मुख्यमंत्री का यह दौरा अब श्रद्धांजलि और सम्मान तक केंद्रित रहेगा।


























