पति ने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए रची साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार, महिला समेत एक आरोपी फरार
एक सप्ताह में पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, 1.80 लाख रुपये में हत्या की सुपारी देने का आरोप
लोहे के एंगल से सिर पर हमला कर हत्या, चार गिरफ्तार, महिला आरोपी अब भी फरार
पुलिस टीम की कार्रवाई से हुआ हत्याकांड का खुलासा
फरार महिला आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप 1 सितंबर को मिले कीताडीह निवासी सिकंदर कुमार शर्मा (30) के शव के मामले का पुलिस ने महज एक सप्ताह में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार सिकंदर की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी। हत्या के लिए 1.80 लाख रुपये में सुपारी तय की गई थी, जिसमें 50 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे। कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक के बड़े भाई जीतेंद्र शर्मा ने शव बरामद होने के बाद हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि बागबेड़ा निवासी विभा देवी का सिकंदर शर्मा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी विभा देवी के पति मिंटू साव को हुई, जिसके बाद उसने सिकंदर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर स्टेशन से गायब बाइक बीसखोली में मिली, दो घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद पति ने रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मिंटू साव ने सिकंदर की हत्या के लिए कोवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बागलता निवासी सुंदर दास से संपर्क किया और 1.80 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। सुंदर दास ने इस साजिश में बड़ा बागलता निवासी आकाश दास तथा इच्छापुर, आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी परसुराम दास को भी शामिल कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या की योजना के तहत विभा देवी ने सिकंदर को बहला-फुसलाकर उसके साथ घूमने के लिए राजी किया। इसके बाद विभा देवी सिकंदर की बाइक पर उसके साथ घटनास्थल की ओर गई। योजना के मुताबिक बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप पहुंचने पर विभा देवी ने टायलेट जाने का बहाना बनाकर सिकंदर की बाइक रुकवा दी। इसी दौरान पीछे से मारुति कार संख्या जेएच-05डीएच/4751 से मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास वहां पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग में बोनस और कर्मचारियों के हितों पर हुई चर्चा
टायलेट का बहाना बनाकर रुकवाई बाइक, कार से पहुंचे आरोपियों ने किया हमला
पुलिस के मुताबिक कार से उतरने के बाद आरोपियों ने लोहे के स्क्वायर एंगल से सिकंदर शर्मा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और सिकंदर की बाइक को भी वहां खड़ा कर दिया गया। इसके बाद आरोपी विभा देवी सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच के अनुसार सिकंदर की हत्या 31 अगस्त की रात की गई थी, जबकि 1 सितंबर को पुलिस ने उसका शव बरामद किया था। घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा शहीद दिवस को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
मोबाइल लोकेशन से खुला राज, चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
मामले में पुलिस ने मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं पांचवीं आरोपी विभा देवी घटना के बाद से फरार बताई जा रही है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या की सुपारी के लिए अग्रिम दी गई राशि में से 20 हजार रुपये नकद, हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के एंगल, पांच मोबाइल फोन तथा खून के नमूने जब्त किए हैं। थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि मृतक की पत्नी से मिली महत्वपूर्ण जानकारी, मोबाइल लोकेशन और वरीय अधिकारियों के दिशा-निर्देश के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया गया, जिससे हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका।
इसे भी पढ़ें : Gua : सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से बदला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गुवा दौरा
हत्या में इस्तेमाल लोहे के एंगल और पांच मोबाइल जब्त
हत्याकांड के उद्भेदन में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच में सब इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सूचनाओं को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। एक सप्ताह के भीतर मामले का खुलासा होने से पुलिस की त्वरित अनुसंधान क्षमता सामने आई है। फिलहाल पुलिस फरार विभा देवी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।