राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्राओं को दी उपाधियां
मुस्कान महतो को चांसलर मेडल और श्वेता तिवारी बनीं ओवरऑल टॉपर
XLRI सभागार में गरिमामय माहौल में हुआ दीक्षांत समारोह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित XLRI सभागार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में CSIR-NML, जमशेदपुर के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी मौजूद रहे। मंच पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार, डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स डॉ. किश्वर आरा, कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर, वित्त पदाधिकारी सह वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. दीपा शरण, मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार साहू तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रह्मण्यन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने किया। समारोह का शुभारंभ अकादमिक परेड, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन और विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुआ।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसील के पूर्व कंपनीकर्मी ज्ञानरंजन गोप का निधन, धिरोल में हुआ अंतिम संस्कार
पीएचडी शोधार्थियों सहित छात्राओं को प्रदान की गईं उपाधियां
समारोह के दौरान अतिथियों का स्मृति-चिह्न, पौधा और शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ई-स्मारिका का भी विमोचन किया गया। दीक्षांत समारोह में पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक तथा विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वालों में होम साइंस की सस्मिता साहू, अंग्रेजी की मांपी अधिकारी, हिंदी की शशि बाला बागे और कल्पना कुमारी शामिल रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 55 छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। गणित की छात्रा मुस्कान महतो को चांसलर मेडल से सम्मानित किया गया। चार वर्षीय यूजी पाठ्यक्रम में वर्ष 2022-2026 की ओवरऑल टॉपर होम साइंस की श्वेता तिवारी रहीं। वहीं डॉ. रेखा झा गोल्ड मेडल एवं एक लाख रुपये की राशि का चेक रीमा मार्डी को प्रदान किया गया। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी विशेष सम्मान दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : ‘शहीदों का सपना आज भी अधूरा, भ्रष्टाचार-माफियाओं के कब्जे में झारखंड’ – जयराम महतो
कुलपति ने शैक्षणिक उपलब्धियों और नई योजनाओं को किया रेखांकित
कुलपति प्रो. इला कुमार ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों और अकादमिक विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को विकसित करने के साथ स्किल डेवलपमेंट और इनोवेशन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छात्राओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल के माध्यम से छात्राएं समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत वाहक बन सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पत्रकार विद्या शर्मा की पत्नी के निधन पर विधायक सरयू राय ने जताया शोक
राज्यपाल ने कहा- चरित्र और कर्म से बनती है वास्तविक पहचान
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह जीवन की नई यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। डिग्री विद्यार्थियों को अवसर प्रदान कर सकती है, लेकिन वास्तविक पहचान उनके चरित्र और कर्मों से बनती है। उन्होंने छात्राओं से अपने संस्कारों को साथ रखते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और जीवन की चुनौतियों का निर्भीकता से सामना करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी है। उन्होंने छात्राओं से अपने ज्ञान का उपयोग समाज की भलाई के लिए करने तथा शोध, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा के वीर शहीदों को विधायक सोनाराम सिंकु ने किया नमन, सुख-समृद्धि की कामना की
राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का औपचारिक समापन
समारोह के अंत में परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमा सुब्रह्मण्यन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा दीक्षांत समारोह के समापन की औपचारिक घोषणा के बाद राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और उपाधि प्राप्त करने वाली छात्राएं उपस्थित रहीं। दीक्षांत समारोह ने छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


























