चौका मोड़ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, शहीद अजीत धनंजय महतो की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे से कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चौका मोड़ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार और भव्य स्वागत किया। गाजे-बाजे, पारंपरिक संस्कृति की झलक, मां दुर्गा के मुखौटे, फूल-मालाओं, भगवा अंगवस्त्र और शॉल के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय और भाजपा के जयघोष से पूरा चौका मोड़ भगवामय नजर आया। स्वागत कार्यक्रम के बाद आदित्य साहू ने शहीद अजीत धनंजय महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य की झामुमो-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित करने का काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : कोलपोटका में जर्जर पुलिया पर प्रशासन ने लिया संज्ञान, ग्रामीणों में जगी स्थायी समाधान की उम्मीद
चौका मोड़ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के चौका आगमन से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह संगठन को और मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, जिला प्रभारी मनोज मिश्रा, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, भूषण मुर्मू, मंडल अध्यक्ष चामुराम भुइयां, सारथी महतो, खुदी सिंह सरदार, रामकृष्ण महतो और मनोहर दास समेत सातों मंडलों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प भी जताया।



























