जमीन विवाद से लेकर आवास, पेंशन, राशन, सड़क, पेयजल और प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन हुए प्राप्त
जमीन विवाद और जनसुविधाओं के मामलों में जांच के निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान नागरिकों ने जमीन विवाद, विद्यालय में नामांकन, ग्राम सभा से जुड़े मामलों, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, बैटरी ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने तथा आंगनबाड़ी सेविका चयन से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। इसके अलावा आवास, पेंशन, राशन, बिजली, पेयजल, नाली-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
इसे भी पढ़ें : Gua : बायोमेट्रिक उपस्थिति मामले में दस्तावेज नहीं देने पर सीजीआईटी कोर्ट ने सेल प्रबंधन पर जताई नाराजगी
विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिक
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निष्पादन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम का शुभारंभ, ग्रामीण महिला उद्यमियों को मिलेगा सहयोग
शिकायतों के निष्पक्ष और समयबद्ध निपटारे पर जोर
उपायुक्त ने विशेष रूप से जमीन और अन्य विवादित मामलों में संबंधित अभिलेखों एवं तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विद्यालय में नामांकन से जुड़े मामलों में पात्रता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का प्रक्रिया के तहत शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन ने नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का अवसर दिया।


























